भोपाल/नरसिंहपुर/निवाड़ी। एक ओर जहां प्रदेशभर में रंगों के त्योहार होली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दो जिलों में नदी में नहाने के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
नरसिंहपुर: नर्मदा नदी में डूबे दो युवक
नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट पर नर्मदा नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिंधी कॉलोनी निवासी संभव और सौरभ के रूप में हुई है। दोनों होली के मौके पर घाट पर नहाने पहुंचे थे, इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए।
स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव बाहर निकाले। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
गोताखोरों का कहना है कि बरमान घाट पर हर साल दर्जनों डूबने की घटनाएं होती हैं। यहां मांझी समाज के गोताखोर कई लोगों की जान बचा चुके हैं, लेकिन उन्हें शासन से कोई विशेष सुविधा नहीं मिलती।
निवाड़ी: बेतवा नदी में हादसा, एक युवक की मौत
निवाड़ी जिले की पर्यटन नगरी ओरछा में बेतवा नदी में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवक डूब गए। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
पहला हादसा नाव घाट के पास हुआ, जहां झांसी के हंसारी निवासी 23 वर्षीय निपेश पस्तोर दोस्तों के साथ घूमने आया था। नदी किनारे उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर सीपीआर दिया और गंभीर हालत में झांसी रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना बड़े पुल के पास हुई। बिहार के बक्सर निवासी विनोद शर्मा, जो प्रतापपुरा में प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था, अपने दोस्त के साथ नदी किनारे गया था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन जारी है।
इन घटनाओं ने होली की खुशियों को मातम में बदल दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान नदी-घाटों पर सतर्कता बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।



