भोपाल: MP पुलिस भर्ती 2026 के लिए फिजिकल टेस्ट 23 फरवरी से, 10 केंद्रों पर होगी PPT
मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए पुलिस विभाग में भर्ती का सपना अब अगले चरण में प्रवेश कर चुका है। मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक (जीडी) और आरक्षक (रेडियो) के कुल 7500 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (PPT) का आयोजन किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल हुए करीब 53 हजार अभ्यर्थियों के लिए यह दूसरा चरण 23 फरवरी 2026 से शुरू होकर 10 मार्च 2026 तक चलेगा।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रदेश के 10 चयनित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना शामिल हैं। परीक्षा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से प्रारंभ होगी।
शारीरिक परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के साथ-साथ 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक जैसे टेस्ट देने होंगे। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक चरण में आधार ई-केवाईसी के माध्यम से उम्मीदवारों की पहचान का सत्यापन किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।
उल्लेखनीय है कि MP पुलिस आरक्षक भर्ती की ऑनलाइन लिखित परीक्षा 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 25 जनवरी 2026 को घोषित किया गया, जिसमें कुल 59,438 अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा के लिए योग्य घोषित किया गया है।
यह भर्ती प्रक्रिया इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि 7500 पदों के लिए लगभग 9.78 लाख युवाओं ने आवेदन किया था। अब सभी की निगाहें फिजिकल टेस्ट और अंतिम चयन प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।



