भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल मध्यप्रदेश में मानसून की दस्तक का इंतजार अभी और बढ़ सकता है। हालांकि प्रदेशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 34 जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं कई इलाकों में तेज धूप और गर्मी का असर बना रहेगा।
34 जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, शिवपुरी, शाजापुर, श्योपुर, सिवनी, सीहोर, छिंदवाड़ा, छतरपुर, अशोकनगर, अनूपपुर, आगर-मालवा, नरसिंहपुर, निवाड़ी, नर्मदापुरम, नीमच, मुरैना, मंदसौर, मंडला, हरदा, खरगोन, खंडवा, बैतूल, बुरहानपुर, बालाघाट, देवास, दतिया, राजगढ़, डिंडौरी, पांढुर्णा, टीकमगढ़, गुना और भिंड जिलों में बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है।
इन जिलों में गर्मी का रहेगा असर
दूसरी ओर भोपाल, जबलपुर, विदिशा, सतना, सागर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, मैहर, मऊगंज, रीवा, रायसेन, रतलाम, अलीराजपुर, बड़वानी, उमरिया, दमोह, पन्ना, धार और झाबुआ जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
एक सप्ताह तक और करना पड़ सकता है इंतजार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार मध्यप्रदेश में मानसून सामान्य तिथि से करीब एक सप्ताह देरी से प्रवेश कर सकता है। पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में मानसून 9 जून को प्रदेश में पहुंचा था, जबकि 2018 में 25 जून को दस्तक दी थी। वहीं वर्ष 2025 में मानसून 16 जून को मध्यप्रदेश पहुंच गया था।
किसानों की बढ़ी चिंता
मानसून में देरी का असर खेती-किसानी पर पड़ सकता है। खरीफ फसलों की बुवाई समय पर नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश के कई जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। ऐसे में किसान अच्छी बारिश और मानसून की जल्द एंट्री का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी रहेंगी, जिससे कई क्षेत्रों में राहत भरी बारिश हो सकती है, लेकिन मानसून की औपचारिक एंट्री के लिए अभी कुछ और दिन इंतजार करना पड़ सकता है।



