भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल मध्यप्रदेश में आज कई अहम राजनीतिक, प्रशासनिक और मौसम से जुड़े घटनाक्रम चर्चा में रहेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पांच दिवसीय प्रदेश दौरा आज से शुरू हो रहा है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित हैं। इसके अलावा विधायक निर्मला सप्रे से जुड़े मामले की हाईकोर्ट में सुनवाई और मानसून की एंट्री पर भी सबकी नजर रहेगी।
राष्ट्रपति मुर्मू का पांच दिवसीय मध्यप्रदेश दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से 22 जून तक मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और श्योपुर के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
आज बैतूल में आयोजित ‘एम्पावरमेंट ऑफ ट्राइबल सोसायटी बाय स्पिरिचुअल अवेकनिंग’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इसके बाद 19 जून को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। 21 जून को जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में सहभागिता करेंगी। 22 जून को कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करने के बाद ग्वालियर से नई दिल्ली रवाना होंगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह वीर गादी हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद तिबोंडी तालाब, आईटी पार्क और शासकीय शारदा कन्या विद्यालय में आयोजित ‘स्कूल चले हम अभियान’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। दोपहर बाद भोपाल लौटकर मंत्रालय में समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।
निर्मला सप्रे मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई
विधायक निर्मला सप्रे के कथित दल-बदल मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने उन पर भाजपा का समर्थन करने और पार्टी बदलने का आरोप लगाते हुए विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा निर्णय नहीं लिए जाने पर मामला अदालत पहुंचा था।
मध्यप्रदेश में मानसून का इंतजार जारी
प्रदेश में मानसून की एंट्री फिलहाल टलती नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब करीब पांच दिन और देरी से पहुंच सकता है। पहले 20 जून तक दस्तक की संभावना जताई गई थी, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए 25 जून के आसपास मानसून के मध्यप्रदेश में प्रवेश करने की उम्मीद है। फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं और कई जिलों में बारिश का दौर बना हुआ है।
प्रदेश में आज राष्ट्रपति के दौरे, हाईकोर्ट की अहम सुनवाई और मानसून की स्थिति पर दिनभर नजर बनी रहेगी।



