भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
आगर मालवा। मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार को बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास उफनाए बरसाती नाले को पार करने की कोशिश में श्रद्धालुओं से भरी कार तेज पानी के बहाव में बह गई। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं।
उज्जैन में दर्शन के बाद पहुंचे थे नलखेड़ा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ परिवार ओडिशा का रहने वाला था। परिवार के सदस्य पहले उज्जैन में महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसके बाद वे नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने आए थे।
शनिवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश के चलते मंदिर के आसपास के बरसाती नालों में अचानक पानी बढ़ गया। इसी दौरान श्रद्धालुओं की कार नाले को पार करने की कोशिश कर रही थी। तेज बहाव के बीच वाहन असंतुलित हो गया और पानी की धारा कार को अपने साथ बहा ले गई।
तेज बहाव में देखते ही देखते डूब गई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। कार पानी में फंसने के बाद कुछ ही समय में बहते हुए हिस्से में चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस-प्रशासन को जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे कार को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
कार से निकाले गए 8 शव
कड़ी मशक्कत के बाद कार को नाले के किनारे तक लाया गया। इसके बाद कार का दरवाजा खोलकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक सभी 8 लोगों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान की जा रही है। साथ ही उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया भी जारी है।
बारिश के बीच प्रशासन की अपील
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। लगातार बारिश के दौरान नाले और नदी के जलस्तर बढ़ने से खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि तेज बहाव वाले नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं।




