भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
भोपाल मध्यप्रदेश में मानसून अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती हवाओं के तंत्र के प्रभाव से अगले चार दिनों तक कई हिस्सों में हल्की बारिश और बौछारों का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने 22 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
अब तक 89.3% बारिश का कोटा पूरा
मानसून सीजन में मध्यप्रदेश में अब तक 33.2 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह प्रदेश के औसत बारिश के कोटे का 89.3% है। हालांकि कई जिलों में अभी सामान्य बारिश का आंकड़ा पूरा नहीं हुआ है, लेकिन अब तक हुई बारिश से खरीफ फसलों को राहत मिली है।
मानसून विदाई की ओर
मानसून सीजन समाप्त होने में अब करीब 11 दिन शेष हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय चक्रवाती तंत्र के प्रभाव से अगले चार दिनों में भारी बारिश की संभावना कम है। इस दौरान हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
चार दिनों के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने और मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत हैं।




