भोपाल। मध्यप्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। बंपर उत्पादन को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य में गेहूं खरीदी का कोटा बढ़ा दिया है। अब समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की सीमा 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दी गई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों की मेहनत का सम्मान है और उन्हें उचित मूल्य दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
चरणबद्ध तरीके से होगी खरीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि गेहूं खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले चरण में छोटे किसानों से, दूसरे में मध्यम किसानों से और तीसरे चरण में बड़े किसानों से गेहूं खरीदा जाएगा।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के अन्नदाताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बढ़े हुए कोटे से अधिक से अधिक किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जा सकेगा, जिससे उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ मिलेगा।



