भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इस बार किसी भी तरह के भितरघात या चुनावी नुकसान से बचने के लिए पूरी सतर्कता के साथ रणनीति बना रही है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि इस बार उम्मीदवार चयन और नामांकन प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरती जाएगी।
डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि पार्टी पिछली गलतियों से सबक लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने संकेत दिया कि जो लोग पार्टी छोड़ना चाहते थे, वे जा चुके हैं और अब संगठन पूरी तरह एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा।
प्रत्याशी चयन पर जल्द फैसला
कांग्रेस नेता ने बताया कि दतिया उपचुनाव के लिए पार्टी के पास तीन से चार मजबूत दावेदारों का पैनल तैयार है। इन नामों पर पार्टी आलाकमान विचार कर रहा है और जल्द ही अंतिम उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी।
बीजेपी पर लगाया बड़ा आरोप
डॉ. गोविंद सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी कांग्रेस के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। उनका आरोप है कि दामोदर यादव को चुनाव मैदान में उतारकर कांग्रेस के वोटों का बंटवारा कराने की रणनीति अपनाई जा रही है।
हालांकि, बीजेपी की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कांग्रेस का कहना है कि पार्टी इस बार पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ दतिया उपचुनाव लड़ेगी तथा संगठन स्तर पर सभी संभावित चुनौतियों से निपटने की तैयारी कर चुकी है।



