भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित है, जबकि नदियां और नाले उफान पर हैं। कई जगहों पर पुल-पुलिया जलमग्न होने से यातायात बाधित हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में मानसून का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। प्रदेश की भौगोलिक स्थिति और सक्रिय मौसम प्रणाली को देखते हुए रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा नीमच, मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, अनूपपुर, कटनी, पन्ना, झाबुआ, अलीराजपुर और आगर-मालवा समेत 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई नदी-नाले उफान पर हैं और कई संपर्क मार्गों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले रास्तों और उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की है।
बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है। शनिवार को हुई झमाझम बारिश के बाद प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। धार 25.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। वहीं इंदौर में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री, भोपाल में 30.8 डिग्री, उज्जैन में 31.8 डिग्री, जबलपुर में 33.8 डिग्री और ग्वालियर में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है और लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।



