संवाददाता भोपाल : रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में आज राजनीतिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से दिन भर हलचल रहने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जम्मू-कश्मीर दौरे पर रहेंगे, वहीं राजधानी भोपाल में कलाकारों के लिए ‘संगत’ आर्टिस्ट मीट, वुमेन्स एस्ट्रोलॉजिकल कॉन्क्लेव और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सीएम डॉ. मोहन यादव का जम्मू-कश्मीर दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर रहेंगे। सुबह जम्मू पहुंचने के बाद वे श्रीनगर और गुलमर्ग में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोपहर में श्रीनगर के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम तक भोपाल लौटेंगे।
भोपाल में होगा ‘संगत’ आर्टिस्ट मीट
शहर के कलाकारों के लिए शनिवार शाम 7 बजे चूनाभट्टी स्थित छतनारा आर्ट होम में ‘संगत’ आर्टिस्ट मीट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर सकेंगे। साथ ही लाइव परफॉर्मेंस, कला चर्चा और रचनात्मक संवाद का आयोजन भी होगा।
अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर कल निकलेगी शोभायात्रा
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर 31 मई को शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें राजधानी भोपाल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाजजनों के शामिल होने की संभावना है।
अपंजीकृत संस्थानों की सूचना देने की अपील
श्रम विभाग ने नागरिकों से “श्रम प्रहरी” बनकर अपंजीकृत संस्थानों और निर्माण स्थलों की जानकारी देने की अपील की है। विभाग के अनुसार सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-8888 जारी किया गया है। पंजीकरण नहीं कराने वाले संस्थानों पर जुर्माना और कारावास का प्रावधान भी है।
वुमेन्स एस्ट्रोलॉजिकल कॉन्क्लेव आज
भारतीय ज्ञान-विज्ञान और ज्योतिष पर केंद्रित ‘वुमेन्स एस्ट्रोलॉजिकल कॉन्क्लेव’ का आयोजन आज मालवीय नगर स्थित रत्नवाला सभागार में किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में ज्योतिष विषय पर विशेषज्ञों द्वारा शोधपरक चर्चा और संवाद किया जाएगा।
प्रदेश और राजधानी में आज होने वाले इन आयोजनों पर लोगों की नजर रहेगी, जबकि मुख्यमंत्री का जम्मू-कश्मीर दौरा भी दिनभर चर्चा का केंद्र बना रहेगा।



