संवाददाता : रोशनी बिसेन
भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देर रात कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है।
आंधी-बारिश से मौसम हुआ सुहाना
तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 48 घंटों से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है, जिससे गर्मी का असर कम हुआ है।
8 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 47 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
खजुराहो और नौगांव में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि नरसिंहपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
कई जिलों में बारिश का असर
टीकमगढ़ में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं दतिया और नौगांव में भी अच्छी बारिश हुई। ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, गुना, धार, रतलाम, सागर, सतना, रीवा, देवास, झाबुआ, मंदसौर, बैतूल और बालाघाट समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली है।



