भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
नई दिल्ली: स्काईरूट एयरोस्पेस (Skyroot Aerospace) के फाउंडर्स पवन कुमार चंदना और नागा भरत डाका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात विक्रम-1 की सफलता के बाद दोनों फाउंडर्स की पीएम मोदी के साथ पहली आधिकारिक बैठक रही। प्रधानमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर इस मुलाकात की जानकारी दी।
पीएम मोदी ने बताया कि बातचीत के दौरान विक्रम-1 मिशन, स्काईरूट की अब तक की उपलब्धियों और कंपनी की भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने फाउंडर्स के विजन और आने वाली योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, महत्वाकांक्षा और सकारात्मक सोच भारत के तेजी से बढ़ते प्राइवेट स्पेस इकोसिस्टम की पहचान है।
प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, “विक्रम-1 की सफलता हमारी चर्चा का प्रमुख विषय रही। उनके अब तक के सफर और आगे की योजनाओं के बारे में सुनकर खुशी हुई। उनकी एनर्जी, एम्बिशन और पॉजिटिविटी हमारे प्राइवेट स्पेस इकोसिस्टम की जीवंत भावना को दर्शाती है। पूरी स्काईरूट टीम को शुभकामनाएं।”
क्या है Skyroot Aerospace?
स्काईरूट एयरोस्पेस हैदराबाद स्थित एक भारतीय निजी एयरोस्पेस कंपनी है, जो सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल विकसित करने और कमर्शियल लॉन्च सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी की स्थापना 2018 में इसरो के पूर्व वैज्ञानिक पवन कुमार चंदना और नागा भरत डाका ने की थी। आज स्काईरूट भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों में शामिल है।



