भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि दतिया उपचुनाव में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “कहने को कांग्रेस पूरे देश में है, लेकिन हकीकत यह है कि देश के लगभग 80 प्रतिशत भू-भाग से जनता ने उसे नकार दिया है। दतिया में भी कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी।”
‘विकास के नाम पर देश को पीछे धकेला’
डॉ. मोहन यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक विकास के नाम पर देश को पीछे धकेलने का काम किया। उन्होंने कहा कि पार्टी आज अपनी दिशा तय नहीं कर पा रही है और नेतृत्व के स्तर पर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
‘विभाजन की राजनीति करती है कांग्रेस’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर समाज को धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हिंदू-मुस्लिम के बीच विभाजन की राजनीति की, जबकि भाजपा विकास और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है।
भाजपा की उपलब्धियां गिनाईं
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में लंबे समय से विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता विकास के पक्ष में मतदान करेगी और भाजपा को जीत दिलाएगी।
दतिया में तेज हुआ चुनावी मुकाबला
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। दोनों दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। ऐसे में अब सभी की नजर मतदान और चुनाव परिणाम पर टिकी है।



