भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को लेकर कांग्रेस की ओर से की गई ‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी पर विवाद गहरा गया है। इस बयान के बाद NCP ने कांग्रेस पर महिलाओं के अपमान का आरोप लगाते हुए कड़ी आपत्ति जताई और सार्वजनिक माफी की मांग की है।
मामले पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए सुनेत्रा पवार ने कहा, “मैं समय आने पर इस मुद्दे पर बोलूंगी।” उनके बयान के बाद सियासी हलचल और तेज हो गई है।
विवाद तब शुरू हुआ जब महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोशल मीडिया पर सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ कहा। कांग्रेस ने उनके हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस और बीड दौरे का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि वह पत्रकारों के सवालों का जवाब खुद क्यों नहीं देतीं। दरअसल, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब NCP विधायक धनंजय मुंडे ने दिया था, जिसके बाद कांग्रेस ने यह टिप्पणी की।
इस बयान पर NCP ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे महिला नेता का अपमान बताते हुए कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया। NCP कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और सार्वजनिक माफी की मांग की। पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे ने भी इसे महिलाओं का अपमान करार दिया।
विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने भी कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी महिला जनप्रतिनिधि के लिए इस तरह की भाषा स्वीकार्य नहीं है।
बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सफाई देते हुए कहा कि ‘गूंगी गुड़िया’ शब्द का इस्तेमाल पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लिए भी किया गया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना बयान वापस लेते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत संदर्भ में लिया गया और इस पर दुख भी जताया।
फिलहाल यह मुद्दा महाराष्ट्र की राजनीति में नया सियासी विवाद बन गया है और कांग्रेस व NCP के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।



