इंदौर। पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक उषा ठाकुर ने वंदे मातरम विवाद, कुंभ वायरल गर्ल और यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस और मुस्लिम महिला पार्षद रुबीना इकबाल खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “इस देश में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा, जो नहीं कहेगा उसे देश छोड़ देना चाहिए।”
उषा ठाकुर ने कहा कि भारत “इस्लामिक देश नहीं बल्कि हिंदुस्तान है” और यहां वंदे मातरम का सम्मान हर हाल में होना चाहिए। उन्होंने वंदे मातरम के अपमान को राष्ट्रद्रोह बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों की सोच देश के लिए चिंता का विषय है।
धर्मांतरण और लव जिहाद पर बयान
पूर्व मंत्री ने कुंभ वायरल गर्ल मामले का जिक्र करते हुए इसे “लव जिहाद का बड़ा मामला” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में कई “राष्ट्रविरोधी ताकतें” धर्मांतरण के लिए सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि रुद्राक्ष की माला बेचने वाली एक लड़की के धर्मांतरण का उदाहरण देते हुए दावा किया कि इसके पीछे फंडिंग भी हो सकती है।
UCC का समर्थन
उषा ठाकुर ने समान नागरिक संहिता (UCC) का समर्थन करते हुए कहा कि इसे 65 साल पहले ही लागू कर देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि UCC देश की एकता और अखंडता के लिए जरूरी है और इसका विरोध करने वालों से सरकार नहीं डरती। उन्होंने दावा किया कि UCC देश में हर हाल में लागू होकर रहेगा।
फिलहाल उनके इस बयान के बाद एक बार फिर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और विपक्ष की ओर से प्रतिक्रिया आने की संभावना है।



