ग्वालियर। दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर के एक यूथ कांग्रेस नेता को हिरासत में लेकर दिल्ली रवाना किया है। इस कार्रवाई के बाद जिला कांग्रेस में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए नेता दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान हुए कांग्रेस विरोध प्रदर्शन में शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के भारत मंडपम में कार्यक्रम के दौरान हुए प्रदर्शन के फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली पुलिस संबंधित कार्यकर्ताओं की तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र निवासी यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव भी इस प्रदर्शन में शामिल थे।
दिल्ली से आई पुलिस टीम ने ग्वालियर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया और अपने साथ ले गई। हालांकि इस संबंध में स्थानीय पुलिस या दिल्ली पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
कांग्रेस ने कार्रवाई पर जताई आपत्ति
कांग्रेस प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना स्पष्ट जानकारी दिए घर में प्रवेश किया और परिवार के साथ प्रताड़ना जैसा व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन जब्त किए गए और परिवार को उचित सूचना नहीं दी गई। उन्होंने कार्रवाई को “आतंकवादी जैसी हरकत” बताते हुए कहा कि यदि कोई आरोप है तो परिवार को इसकी जानकारी मिलनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे सुबह से थाने, एसपी कार्यालय और क्राइम ब्रांच के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। वहीं पुलिस अधिकारी इस मामले में कैमरे के सामने कुछ भी कहने से बचते नजर आए।



