भोपाल संवाददाता:रोशनी बिसेन
बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में अवैध गांजे की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत दुर्गम पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर करीब 23 क्विंटल से ज्यादा अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है।
इस कार्रवाई में बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिलों के 400 से ज्यादा पुलिसकर्मी और 12 टीमें शामिल रहीं। पुलिस ने ड्रोन की मदद से पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों की निगरानी की, जबकि कई स्थानों पर जवानों ने पैदल पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।
19 गांवों में एक साथ सर्च ऑपरेशन
थाना वरला क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में अवैध गांजे की खेती की सूचना के बाद पुलिस ने ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक की योजना बनाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के नेतृत्व में तीन जिलों की पुलिस टीमों को अभियान में लगाया गया।
12 सितंबर 2026 को पुलिस टीमों ने 19 गांवों के पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में एक साथ सघन सर्चिंग अभियान चलाया। ड्रोन से संदिग्ध इलाकों की निगरानी करने के साथ पुलिसकर्मियों ने दुर्गम क्षेत्रों में पैदल पहुंचकर खेतों की जांच की।
पांच खेतों में मिली अवैध गांजे की फसल
सर्चिंग के दौरान पुलिस ने ग्राम डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी के पहाड़ी एवं जंगल क्षेत्रों में पांच खेतों का पता लगाया। पुलिस के अनुसार, इन खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी।
टीमों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए फसल को जब्त कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूरे अभियान में अब तक 23 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत बाजार में करीब एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
वन भूमि पर थी खेती, कब्जाधारियों की जानकारी जुटा रहा विभाग
पुलिस के अनुसार, जिन खेतों से अवैध फसल बरामद हुई है, वे वन भूमि पर स्थित हैं। ऐसे में पुलिस और वन विभाग की ओर से संबंधित जमीन के पट्टाधारियों और कब्जाधारियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी सामने आने के बाद अवैध खेती से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अवैध गांजे की खेती में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
तीन जिलों की पुलिस, 12 टीमों और 400 से अधिक जवानों की संयुक्त कार्रवाई के साथ ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से चलाया गया यह अभियान बड़वानी जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई में शामिल है।




